अमर ज्वाला// मंडी
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में सरकारी लॉटरी प्रणाली लागू करने के निर्णय का हार्दिक स्वागत और समर्थन करते हुए सिराज विधानसभा के कांग्रेस नेता जगदीश रेड्डी ने मीडिया को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस फैसले को प्रदेश के आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और जनकल्याण की दिशा में एक दूरदर्शी व यथार्थपरक पहल करार दिया है।
कांग्रेस नेता जगदीश रेड्डी ने कहा है कि इस संदर्भ में केरल राज्य एक आदर्श उदाहरण है, जहाँ वर्ष 1967 में प्रारंभ की गई सरकारी लॉटरी प्रणाली के माध्यम से राज्य सरकार आज ₹5,000 करोड़ से अधिक वार्षिक राजस्व अर्जित कर रही है। यह व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी, सरकारी नियंत्रण में और जनहितकारी सिद्ध हुई है।
जगदीश रेड्डी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी इस प्रणाली से अर्जित होने वाला राजस्व कैंसर रोगियों के उपचार, स्वास्थ्य बीमा, गरीबी उन्मूलन, शिक्षा, और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में उपयोग किया जाएगा। यह प्रक्रिया तकनीक आधारित, सुरक्षित और पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जाएगी, जिससे जनता का विश्वास और सहभागिता दोनों सुनिश्चित हो सकेंगे।
जगदीश रेड्डी ने भाजपा द्वारा लॉटरी प्रणाली के विरोध को अनावश्यक, असंगत और दोहरे मापदंडों वाला बताया। उन्होंने कहा कि जब आज केंद्र सरकार की अनुमति से Dream11, My11Circle, MPL, RummyCircle जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पूरे देश में संचालित हो रहे हैं, जिनमें करोड़ों लोग भाग लेते हैं, तब राज्य सरकार की नियंत्रित लॉटरी का विरोध केवल राजनीतिक अवसरवादिता है।
जगदीश रेड्डी ने कहा कि यह निर्णय राज्य को आर्थिक मजबूती प्रदान करेगा, जिससे सरकार को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा और हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही, इससे प्रदेश में फैली अवैध और अनधिकृत लॉटरी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
जगदीश रेड्डी ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं प्रदेश सरकार का इस दूरदर्शी निर्णय के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम हिमाचल प्रदेश को आर्थिक और सामाजिक प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखता है।
