अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव: मंडी में 800 जवान संभालेंगे सुरक्षा, शहर 6 सेक्टरों में बंटा

एसपी विनोद कुमार ने प्रेस वार्ता में दी तैयारियों की विस्तृत जानकारी

अमर ज्वाला //मंडी

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2026 के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर मंडी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा करीब 800 पुलिस जवानों के हवाले रहेगा। पूरे मंडी शहर को 6 सुरक्षा सेक्टरों में बांटा गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी।

यह जानकारी मंडी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आज अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में मीडिया को दी।

एसपी विनोद कुमार ने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का बड़ा आयोजन है, जिसे देखते हुए सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान पर भी काम किया जा रहा है, जिसे जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान एसपी विनोद कुमार ने यह भी बताया कि उन्हें हाल ही में मंडी पुलिस की कमान सौंपी गई है और उनकी प्राथमिकता नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई रहेगी। उन्होंने कहा कि चिट्टे जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

इसके साथ ही एसपी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर भी जोर दिया। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जान की सुरक्षा करना है।

गौरतलब है कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 16 से 22 फरवरी तक मंडी में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंडी पुलिस युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटी हुई है। वहीं पूरे शहर में रंग-रोगन और सजावट का कार्य तेजी से चल रहा है और छोटी काशी को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *