अमर ज्वाला // शिमला
हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव आयोग ने आज आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों की औपचारिक घोषणा कर दी है। इस बार प्रदेश के 51 शहरी निकायों और 4 नगर निगमों में चुनाव करवाए जाएंगे। चुनाव घोषणा के साथ ही पूरे प्रदेश में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश भर में 17 मई 2026 को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। नगर पंचायत और नगर परिषद के चुनावों के परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे, जिससे स्थानीय निकायों में नई व्यवस्थाएं शीघ्र लागू हो सकेंगी।
वहीं, 4 नगर निगमों के चुनाव पार्टी चुनाव चिन्ह पर होने के कारण इनके परिणाम 31 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। राज्य भर में कुल 589 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां करीब 1.80 लाख पुरुष और 1.79 लाख महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
राज्य चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साथ ही सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और मतदाताओं से आचार संहिता का सख्ती से पालन करने की अपील की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
चुनावों की घोषणा के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है, जबकि संभावित उम्मीदवार भी जनसंपर्क में जुट गए हैं। आने वाले दिनों में प्रदेश का चुनावी माहौल और अधिक गर्माने की संभावना है।
