नशे के खिलाफ जनभागीदारी जरूरी, समाज के सहयोग से ही खत्म होगी चिट्टे की कुरीति : केवल सिंह पठानिया
चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित
स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुआ कार्यक्रम
अमर ज्वाला//शाहपुर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत में रविवार को स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिकरत की। कार्यक्रम में चिट्टे के दुष्प्रभावों, इसकी रोकथाम और नशे के खिलाफ सामाजिक सहभागिता की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पूरे हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की संपत्तियों को जब्त करने जैसी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस गंभीर समस्या को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। नशे से जुड़े मामलों में संलिप्त पाए गए सरकारी सेवा में कार्यरत पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। प्रदेश सरकार ने चिट्टे से संबंधित सूचना देने वालों के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा भी की है।
श्री पठानिया ने कहा कि चिट्टे जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक, अभिभावक, शिक्षक और सामाजिक संगठन को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर जागरूकता फैलाने और युवाओं को इस बुराई से दूर रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
इस दौरान उन्होंने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए गत दिवस कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद किया। उन्होंने अपने बचपन के सहपाठी प्रोफेसर अखिलेश शर्मा को भी सम्मानित किया।
चिट्टा एक भयावह नशा, अभिभावक बच्चों के प्रति रहें सतर्क
बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने चिट्टे के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह एक बेहद खतरनाक नशा है, जिसके कारण अनेक परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने इसके सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान रखने, उनसे संवाद बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर समय रहते उचित कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर सहयोग से युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया जा सकता है।
बजरंग बली हॉकी क्लब ने मुख्य अतिथि को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान बजरंग बली हॉकी क्लब लदवाड़ा के सदस्यों हर्ष, सन्नी, विवेक, अभिषेक, कपिल, आदित्य और अनुज ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत, रजोल, दुर्गेला और नेरटी के एनएसएस स्वयंसेवियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, सीएमओ कांगड़ा पद्मश्री डॉ. ओमेश भारती, उपनिदेशक माध्यमिक शिक्षा अजय समयाल, डीपीओ अशोक शर्मा, प्रधानाचार्य शमशेर भारती, प्रधानाचार्य भाग सिंह, डॉ. आर.के. सूद, सीडीपीओ रैत निर्मला देवी, पूर्व प्रधानाचार्य सतपाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, शेर सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी और क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
