सराज के जंजैहली में दौरे पर गए मंत्री के खिलाफ फूटा भाजपाइयों का गुस्सा
अमर ज्वाला//मंडी
आपदा को लेकर विवादित बयान के चलते मंत्री के खिलाफ नारेबाजी, सरकार को भी कोसा
आपदा प्रभावित सराज का दौरा करने शुक्रवार को जंजैहली पहुंचे राजस्व बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी को भाजपा कार्यकर्ताओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। बीते दिनों सिराज में आई प्राकृतिक आपदा के बाद अपने एक बयान के चलते विवादों में आए मंत्री के जंजैहली पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा उनके खिलाफ फूट पड़ा।
*मंत्री का घेराव*
जंजैहली मंडल भाजपा के अध्यक्ष भीषम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री जगत सिंह नेगी गो बैक के नारे लगाए और उन्हें काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। जंजैहली भाजपा मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री जगत सिंह नेगी का घेराव किया और कथित संवेदनहीन बयान बाजी के लिए उनके खिलाफ नारे लगाए।
*विरोध का कारण*
गौर रहे कि बीते दिनों राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का सोशल मीडिया पर एक बयान वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने सिराज में आई आपदा को लेकर एक टिप्पणी की थी जिसका भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया था। पूर्व सरकार में भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व के खिलाफ की गई टिप्पणी से भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी रोष देखा जा रहा था।
*सरकार की प्रतिक्रिया*
कांग्रेस नेता जगदीश रेड्डी ने इस घटना को सराज के हितों पर कुठाराघात बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री आपदा प्रभावितों को राहत देने के लिए सराज क्षेत्र में आए थे लेकिन भाजपा कार्यकर्ता इस मौके पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आए। कांग्रेस नेता चेतराम ठाकुर ने भी भाजपा की इस कारगुजारी की कड़े शब्दों में निंदा की है।
