जिला अध्यक्ष अनित जसवाल ने प्रेस नोट जारी कर दी जानकारी, कई नवनिर्वाचित कैंपस अध्यक्षों के संपर्क में होने की भी कही बात
अमर ज्वाला//मंडी
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के संगठनात्मक चुनावों में मंडी जिले के 40 में से 32 कॉलेजों में अपने समर्थित उम्मीदवारों की जीत का दावा जिला अध्यक्ष अनित जसवाल ने प्रेस नोट जारी कर किया है। उनके अनुसार, चुनाव परिणामों में उनकी टीम के समर्थित उम्मीदवारों ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जीत दर्ज की है।
प्रेस नोट के मुताबिक, सुंदरनगर स्थित महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय में जाह्नवी मल्होत्रा ने 1,084 मत हासिल कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 341 मतों से हराया, जिन्हें 741 मत प्राप्त हुए।
अनित जसवाल ने अपने प्रेस नोट में अभिलाषी कॉलेज, ड्रीम्स कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय मंडी, बासा, करसोग, जोगिंद्रनगर, धर्मपुर और सरकाघाट सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में समर्थित उम्मीदवारों की जीत की जानकारी दी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ अन्य कॉलेजों के नवनिर्वाचित कैंपस अध्यक्ष उनके संपर्क में हैं।
जसवाल ने विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत संगठन के कार्यकर्ताओं की मेहनत, एकजुटता और छात्रों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब एनएसयूआई की प्राथमिकता छात्रहितों से जुड़े मुद्दे उठाना और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करना होगा।
