हिमाचल के सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 45% से बढ़कर 50% हुआ, नवंबर में मिलेगा बढ़ा वेतन

हिमाचल के सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 45% से बढ़कर 50% हुआ, नवंबर में मिलेगा बढ़ा वेतन

अमर ज्वाला//शिमला

हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और अधिकारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने के आदेश जारी किए हैं। वित्त (विनियमन) विभाग की ओर से 23 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार महंगाई भत्ता मौजूदा 45 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है।

जारी आदेशों के मुताबिक बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान अक्टूबर 2026 के वेतन के साथ नवंबर 2026 में नकद किया जाएगा। यह आदेश हिमाचल प्रदेश सिविल सेवा (संशोधित वेतन) नियम, 2022 के तहत आने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों और अधिकारियों पर लागू होंगे। इसके अतिरिक्त अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों तथा यूजीसी वेतनमान के अंतर्गत आने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

बकाया राशि पर अलग से होंगे आदेश

वित्त विभाग के आदेश के अनुसार 1 जुलाई 2023 और 1 जनवरी 2024 से 30 सितंबर 2026 तक की अवधि का महंगाई भत्ते का बकाया भुगतान अलग से जारी किए जाने वाले आदेशों के अनुसार किया जाएगा। यानी कर्मचारियों को फिलहाल बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान नवंबर में मिलने वाले वेतन के साथ होगा, जबकि बकाया राशि के भुगतान की प्रक्रिया अलग से तय की जाएगी।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भत्ते की गणना और भुगतान से संबंधित पहले से लागू अन्य नियम एवं शर्तें यथावत रहेंगी।

वित्त विभाग की ओर से जारी ज्ञापन पर विशेष सचिव (वित्त) सौरभ जस्सल के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *