शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने लाहौल दौरे के दौरान उदयपुर में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया संवाद

शिक्षकों ने शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए, मंत्री ने शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन

एसकेटीटी सड़क को लेकर बीआरओ के ओसी मेजर पारस कोचर से की चर्चा, त्रिलोकीनाथ व मृकुला देवी मंदिर में किए दर्शन

अमर ज्वाला//केलांग

हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जनजातीय जिला लाहौल के दौरे के दौरान उदयपुर पहुंचकर स्थानीय लोगों की जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा भी उनके साथ मौजूद रहीं।

उदयपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री के समक्ष शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। मंत्री ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

शिक्षा मंत्री ने अपने दौरे के दौरान एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस), उदयपुर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर विधायक अनुराधा राणा ने उनका स्वागत किया। शिक्षा मंत्री ने विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं, पढ़ाई और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत व लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाना और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के लिए तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों और निरंतर प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के फलस्वरूप हिमाचल प्रदेश ने देशभर में शिक्षा के क्षेत्र में तीसरा स्थान हासिल किया है।

अपने लाहौल दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने प्रसिद्ध त्रिलोकीनाथ मंदिर और मृकुला देवी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने 94 आरसीसी, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के ओसी मेजर पारस कोचर से मुलाकात की और संसारी–किलाड़–तिंदी–तांदी (एसकेटीटी) सड़क से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

शिक्षा मंत्री का यह दौरा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को समझने तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं पर चर्चा करने के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *