द्रंग विकास खंड कार्यालय पधर में आयोजित हुआ विदाई समारोह, अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्मृति चिह्न भेंट कर दी भावभीनी विदाई
अमर ज्वाला//पधर
द्रंग विकास खंड की ग्राम पंचायत शिल्हबुधानी में पंचायत सचिव के पद पर अपनी सेवाएं देने के बाद शनिवार को सूरज सिंह ठाकुर सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में खंड विकास कार्यालय पधर में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विनय चौधरी सहित कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
समारोह के दौरान खंड विकास अधिकारी विनय चौधरी ने सूरज सिंह ठाकुर के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें जब भी कोई जिम्मेदारी सौंपी जाती थी, वे उसे सरलता और सहजता के साथ पूरा करते थे। सूरज सिंह ठाकुर सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन अच्छे ढंग से किया।
विनय चौधरी ने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का एक पड़ाव है, जीवन का अंत नहीं। अब उन्हें अपने परिवार और सगे-संबंधियों के साथ अधिक से अधिक समय बिताने का अवसर मिलेगा। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज के साथ जुड़कर अपना जीवन व्यतीत करें और सामाजिक गतिविधियों में अपना योगदान देते रहें।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विनय चौधरी ने सूरज सिंह ठाकुर को शाल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, विकास खंड कार्यालय के समस्त स्टाफ की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और सुखद पारिवारिक जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
