कोषागार कर्मचारियों के जिला इकाई मंडी के चुनाव निर्विरोध संपन्न, लाल सिंह बने अध्यक्ष

*दो साल के कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का गठन, जितेश कुमार को मुख्य सलाहकार और विवेक ठाकुर को महासचिव की जिम्मेदारी**

अमर ज्वाला//मंडी।

हिमाचल प्रदेश नॉन-गजेटेड ट्रेजरी एम्प्लाइज एसोसिएशन की जिला इकाई मंडी की नई कार्यकारिणी का गठन निर्विरोध कर लिया गया है। एसोसिएशन के रिटर्निंग ऑफिसर प्रक्षित मिन्हास की ओर से 30 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार सभी पदाधिकारियों को सर्वसम्मति से चुना गया है। नई कार्यकारिणी का कार्यकाल दो वर्ष रहेगा।

जारी अधिसूचना के मुताबिक लाल सिंह को जिला इकाई का अध्यक्ष चुना गया है, जबकि जितेश कुमार को मुख्य सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कल्पना को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, लता देवी को उपाध्यक्ष, विवेक ठाकुर को महासचिव तथा प्रवीण को कोषाध्यक्ष चुना गया है।

नई कार्यकारिणी में जितेश कुमार वरिष्ठ सहायक, लाल सिंह वरिष्ठ सहायक, कल्पना कंप्यूटर ऑपरेटर, लता देवी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, विवेक ठाकुर जेओए (आईटी) और प्रवीण क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं।

अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिला मंडी की उप-कोषागार इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों में से एक सदस्य को फेडरल काउंसिल जिला इकाई के लिए नामित करेगी। इसके अतिरिक्त एसोसिएशन की केंद्रीय कार्यकारिणी के लिए जिला इकाई के प्रतिनिधि का चयन भी फेडरल काउंसिल की ओर से संविधान के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।

रिटर्निंग ऑफिसर प्रक्षित मिन्हास ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए सभी संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए आदेश की प्रति भेजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *