युग पुरुष राजा वीरभद्र सिंह की जयंती पर भुट्टिको सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

युग पुरुष राजा वीरभद्र सिंह की जयंती पर भुट्टिको सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

अमर ज्वाला/कुल्लू

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश की राजनीति के शिखर पुरुष रहे Virbhadra Singh की जयंती मंगलवार को भुट्टिको सभागार में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भुट्टिको के अध्यक्ष एवं पूर्व बागवानी मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने राजा वीरभद्र सिंह को हिमाचल के विकास का मसीहा और युग पुरुष बताते हुए उनके योगदान को याद किया।

सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह कई बार हिमाचल प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री रहे और उन्होंने प्रदेश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में शिक्षा, बागवानी, परिवार नियोजन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को देश के अग्रणी और विकसित राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में अहम योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह के प्रयासों से हिमाचल को फल राज्य के रूप में नई पहचान मिली, जिससे प्रदेश के हजारों बागवानों की आय में वृद्धि हुई। साथ ही उन्होंने हिमाचली संस्कृति, विशेषकर हिमाचली टोपी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य किया। उनके नेतृत्व के कारण हिमाचलियों की मेहनत, देशभक्ति, वीरता और प्राकृतिक सौंदर्य से जुड़ी विशिष्ट पहचान बनी।

सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह ने मुख्यमंत्री के अलावा केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री तथा कई बार लोकसभा सदस्य के रूप में भी प्रदेश और देश की सेवा की। सहकारिता आंदोलन के प्रति उनका विशेष लगाव था और भुट्टिको सहकारी सभा के विकास में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि जब भी राजा वीरभद्र सिंह कुल्लू आते थे, भुट्टिको को अपने परिवार की तरह मानते थे और इसके उत्पादों को सदैव प्रोत्साहित करते थे।

इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के आदर्शों और पदचिह्नों पर चलकर समाज और प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें।

कार्यक्रम में भुट्टिको के उपाध्यक्ष रोहित ठाकुर, निदेशक मदन लाल, सोहन सिंह, इंद्रा देवी, आत्मा राम, कार्यवाहक मुख्य महाप्रबंधक सूरती देवी, महाप्रबंधक किशन चंद, दिनेश ठाकुर, अनिका ठाकुर, कविता ठाकुर, शालिनी, शशि, ओम प्रकाश, सुनील, गौरव, वीना, महेंद्र सिंह सहित सैकड़ों बुनकरों ने भाग लेकर राजा वीरभद्र सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *