अमर ज्वाला //मंडी
हॉकी हिमाचल द्वारा 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप-2026 के लिए शनिवार को स्थानीय पड्डल मैदान, मंडी में चयन ट्रायल आयोजित किया गया। चयन प्रक्रिया का नेतृत्व हॉकी मंडी के अध्यक्ष एवं हॉकी हिमाचल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजा सिंह मल्होत्रा के मार्गदर्शन में किया गया।
चयन ट्रायल में प्रदेशभर से आए 85 जूनियर पुरुष खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनमें से 25 खिलाड़ियों का प्रारंभिक चयन किया गया। अब इन चयनित खिलाड़ियों का दो सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम 18 सदस्यीय हिमाचल प्रदेश जूनियर पुरुष हॉकी टीम का चयन किया जाएगा।
यह टीम 28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक कोयंबटूर में आयोजित होने वाली 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप-2026 में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।
चयन प्रक्रिया में चीफ कोच अजीत ठाकुर, हॉकी कोच आशीष सेन तथा कुणाल शर्मा ने खिलाड़ियों का परीक्षण किया। इस दौरान राजकुमार, देवेंद्र सिंह, दलजीत सिंह, नरेश कुमार, खेम सिंह मलिक तथा शिखा भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राजा सिंह मल्होत्रा ने कहा कि हॉकी हिमाचल प्रदेश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी प्रशिक्षण शिविर में बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।
