पूर्व सैनिक खूब राम ने स्वयंसेवकों को समाज के प्रति जिम्मेदारियां निभाने का दिया संदेश
अमर ज्वाला//द्रंग
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय द्रंग में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कला अध्यापक एवं पूर्व सैनिक श्री खूब राम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्वों को समझने और सेवा भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विनोद कुमार वर्मा ने स्वयंसेवकों को सात दिवसीय विशेष शिविर के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनएसएस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामुदायिक सेवा की भावना विकसित करना है।
शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बालिका सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, योग, खेलकूद तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों को समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती निशा ठाकुर और श्री मनोज राणा ने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के आदर्श वाक्य मैं नहीं, बल्कि आप का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि एनएसएस का मूल उद्देश्य निस्वार्थ सेवा, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान हेमंत कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां भी प्रस्तुत कीं।
सात दिवसीय विशेष शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज सेवा, सामूहिक सहयोग और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित किया जाएगा।
