उपायुक्त निवेदिता नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ, पंचायत प्रतिनिधियों से जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का किया आह्वान
अमर ज्वाला//केलांग,
जिला लाहौल एवं स्पीति के विकास खण्ड लाहौल की सभी 34 ग्राम पंचायतों के प्रधानों, उप-प्रधानों एवं वार्ड सदस्यों के लिए चार दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण का आज जिला परिषद सम्मेलन कक्ष, केलांग में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त लाहौल एवं स्पीति निवेदिता नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी ( ITDP) अश्वनी कुमार ने उपायुक्त को पारंपरिक टोपी, शॉल एवं खतग पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में उपायुक्त निवेदिता नेगी ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक संवाद किया। इस दौरान सभी प्रधानों, उप-प्रधानों एवं वार्ड सदस्यों ने अपना परिचय दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने उन्हें चुनकर अपनी उम्मीदों और विश्वास के साथ यह जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में उनका कर्तव्य बनता है कि वे लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरें और पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ जनहित में कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पंचायत प्रतिनिधियों के साथ पूरा समन्वय बनाकर कार्य करेगा और उनसे भी अपेक्षा रहेगी कि वे प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित एवं विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में प्रशासन की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम पंचायत प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें पंचायती राज अधिनियम, नियमों एवं विनियमों की जानकारी मिलेगी, जिससे पंचायतों के कार्यों को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से करने में मदद मिलेगी तथा उनकी कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने और यहां प्राप्त जानकारी का उपयोग अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए करने का आग्रह किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक, पंचायती राज एवं NIRDPR हैदराबाद से जुड़े सतीश कुमार शर्मा तथा सेवानिवृत्त अधीक्षक ग्रेड-1, निदेशालय पंचायती राज, शिमला विनोद वर्मा बतौर प्रशिक्षक पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पंचायती राज अधिनियम, विभिन्न नियमों एवं विनियमों तथा पंचायतों की कार्यप्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि विकास खण्ड लाहौल की कुल 34 ग्राम पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 31 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक विभिन्न चरणों में आयोजित किया जाएगा। आज प्रथम दिन 8 ग्राम पंचायतों के प्रधानों, उप-प्रधानों एवं वार्ड सदस्यों ने प्रशिक्षण में भाग लिया।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी ITDP अश्वनी कुमार, एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स, खण्ड विकास अधिकारी मनीष राय तथा जिला पंचायत अधिकारी व सचिव जिला परिषद संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
