हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक और चोला एमएस जनरल इंश्योरेंस में रणनीतिक साझेदारी

ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी बीमा सुरक्षा, स्वास्थ्य से लेकर कृषि एवं वाहन बीमा सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

अमर ज्वाला//मंडी

हिमाचल प्रदेश में ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों तक बीमा सेवाओं की पहुंच मजबूत करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक और चोलामंडलम एमएस जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के बीच रणनीतिक कॉर्पोरेट एजेंसी साझेदारी हुई है। इस समझौते के तहत बैंक के व्यापक शाखा नेटवर्क के माध्यम से ग्राहकों को विभिन्न सामान्य बीमा उत्पाद उपलब्ध करवाए जाएंगे।

इस साझेदारी के अंतर्गत स्वास्थ्य, वाहन, व्यक्तिगत दुर्घटना, संपत्ति सहित अन्य सामान्य बीमा योजनाएं शामिल होंगी। दोनों संस्थानों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आम लोगों को सुलभ बीमा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।

मंडी में हुआ समझौता

इस साझेदारी को लेकर 4 नवंबर को मंडी में आयोजित समारोह में दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों ने औपचारिक रूप से समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की ओर से चेयरमैन बॉबी तंवर, महाप्रबंधक कर्म वीर सिंह शेखावत और महाप्रबंधक राजीव कुमार रंजन उपस्थित रहे। वहीं, चोलामंडलम एमएस जनरल इंश्योरेंस की ओर से हेड पार्टनरशिप डिस्ट्रीब्यूशन प्रकाश तिवारी, जोनल मैनेजर राजेश शर्मा, रीजनल मैनेजर अनिल कंबोज और एरिया मैनेजर अर्चना शर्मा मौजूद रहीं।

अधिकारियों ने कहा कि बैंक के व्यापक शाखा नेटवर्क और ग्राहकों के विश्वास के साथ बीमा कंपनी की विशेषज्ञता जुड़ने से प्रदेश में बीमा सेवाओं का विस्तार होगा। इस पहल से ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के लोगों को विभिन्न बीमा योजनाओं तक पहुंच बनाने में सुविधा मिलेगी। दोनों संस्थानों ने इसे वित्तीय समावेशन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों को बीमा सुरक्षा के दायरे में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *