अमर ज्वाला //पधर
पधर बाजार में 23 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए एक मामले की जांच अब चौहारघाटी तक पहुंच गई है। सेना के जवान से जुड़े नशा तस्करी के मामले में पधर पुलिस ने तीसरी गिरफ्तारी की है। पुलिस ने चौहारघाटी की एक महिला को जोगिंद्रनगर स्थित उसके किराये के मकान से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पधर बाजार में 23 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ करीब 30 वर्षीय सतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस जांच में उसके सेना के जवान से जुड़े होने की बात सामने आई थी। मामले की कड़ियां खंगालते हुए पुलिस ने बिहार के एक युवक को भी गिरफ्तार किया था। पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को चौहारघाटी की एक महिला के भी चिट्टे के कारोबार में संलिप्त होने की जानकारी मिली।
इसके बाद पधर पुलिस ने पंजाब के लुधियाना तक जांच की कड़ियां जोड़ते हुए महिला का पता लगाया। बुधवार दोपहर पुलिस ने जोगिंद्रनगर बाजार स्थित उसके किराये के मकान में दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला चौहारघाटी की तरस्वाण पंचायत की रहने वाली बताई जा रही है।
पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है। महिला की संभावित अन्य संलिप्तताओं को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले के तार काफी दूर तक जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस का कहना है कि चिट्टे के अवैध कारोबार में संलिप्त सभी आरोपियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।
