मुख्यमंत्री ने कुल्लू दशहरे के समापन अवसर पर की घोषणा
भुंतर में विद्युत सब-डिवीजन खोलने की घोषणा की
अमर ज्वाला//कुल्लू
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज अतंरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा-2026 के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए देवी-देवताओं के नजराने में पांच प्रतिशत तथा बजंतरियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी करने और देवताओं के मुख्य गूर को 1100 रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कुल्लू जिला के लेफ्ट बैंक को जोड़ने के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये और मणिकर्ण सड़क के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने भुंतर में सीवरेज प्रणाली निर्माण के लिए 22 करोड़ रुपये प्रदान करने और विद्युत सब-डिवीजन खोलने तथा विद्युत कमांड-बारा मार्ग के लिए 50 लाख रुपये की राशि प्रदान करने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने दशहरा उत्सव में प्रतिभागी महिला मंडलों को 35-35 हजार रुपये की सम्मान राशि देने तथा बजौरा स्कूल में विज्ञान भवन के निर्माण के लिए एक करोड़ की राशि स्वीकृत करने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कुल्लू जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करेगी, ताकि जिला के लोगों को यहां बेहतर उपचार सुविधा मिल सके। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सों और पैरा मेडिकल स्टाफ को नियुक्त करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला अस्पताल में विश्व स्तरीय तकनीक की सुविधा प्रदान करने के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कृत संकल्प है और इसी दिशा में अब अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर शीघ्र ही 40 रुपये किया जाएगा ताकि ग्रामीणों की आमदनी में बढ़ोतरी हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार द्वारा शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार के लिए प्रयास नहीं किए गए। वर्तमान प्रदेश सरकार स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस दिशा में अनेक महत्वाकांक्षी पहल की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब दशहरा उत्सव का वास्तव में अंतरराष्ट्रीय स्तरीय आयोजन हो रहा है तथा हर वर्ष इसे और ज्यादा बेेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के व्यवस्था परिवर्तन का संकल्प कुल्लू दशहरा आयोजन में भी परिलक्षित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आई आपदा के दौरान कुल्लू जिला में सबसे ज्यादा क्षति हुई लेकिन मंत्रिमंडल के सभी सहयोगियों के साथ वे स्वयं दिन-रात यहां लोगों को राहत पहुंचाने के धरातल पर निरंतर कार्य करते रहे। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान कुल्लू के लोगों ने पर्यटकों को राहत पहुंचाने के लिए सराहनीय कार्य किया। इस सेवा भाव को देश-विदेश के लोग कभी नहीं भुला पाएंगे।
प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावितों के हितों को ध्यान में रखते हुए नियमों तथा कानून में बदलाव किया गया। गृह निर्माण के लिए अनुदान राशि को डेढ़ लाख रुपये से बढ़कर 8 लाख रुपये किया गया है ताकि उनका बेहतर पुनर्वास सुनिश्चित हो सके।
श्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लेकर भाजपा दुष्प्रचार कर रही है जबकि राज्य सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और बहुत जल्द इसके लिए कई योजनाएं धरातल पर उतारी जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी वर्गों के सहयोग की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कुल्लू कार्निवाल को हरी झंडी दिखाई। इस कार्निवाल में 600 से ज्यादा महिलाओं और कलाकारों ने भाग लिया।
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने कुल्लू दशहरा के आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी न रखने के आदेश दिए थे और सभी ने इसमें पूर्ण सहयोग दिया है। उन्होंने कुल्लू दशहरा के आयोजन के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, जन प्रतिनिधियों और सभी वर्गों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन सफल हो पाया है। उन्होंने कहा कि उत्सव में अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों ने भाग लेकर इसे देश-विदेश में ख्याति दिलाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सांस्कृतिक दलों को विदेशों में भेजने के प्रयास कर रही है, ताकि वहां के लोग भी हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति से परिचित हो सकें।
हिमाचल प्रदेश में देव परंपराओं को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से ही कुल्लू दशहरा उत्सव संपन्न होता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अधिक संख्या में देवी-देवताओं और लोगों ने दशहरा उत्सव में भाग लिया।
विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने मुख्यमंत्री का कुल्लू जिला में पधारने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दूरदर्शी सोच के साथ कार्य कर रहे हैं और सभी वर्गोें को साथ लेकर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किए जा रहे हैं, विशेष रूप में महिलाओं और अनाथ बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भुट्टी विवर्ज सांस्कृतिक दल को प्रथम, सूत्रधार कला संगम को दूसरा और युवा कला मंच को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह, एपीएमसी के अध्यक्ष राम सिंह मियां, पूर्व विधायक किशोरी लाल, जिला अध्यक्ष सेस राम आजाद, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंघमार, मंडल आयुक्त आर. के. प्रुथी, उपायुक्त अमित शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस. एवं अन्य गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे।
