कुर्सी खिसकने से गिरे व्यक्ति की मौत, चौहार घाटी में शोक की लहर

*सुभाष ठाकुर*******

चौहार घाटी की लटराण पंचायत के भूमचवाण गांव निवासी बंसी लाल (62 वर्ष) की एक दुखद घटना में मौत हो गई। घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार लटराण पंचायत के झुकाण गांव के लिए निर्मित नई सड़क के उद्घाटन कार्यक्रम में द्रंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर पहुंचे थे। उद्घाटन कार्यक्रम शाम करीब 5 बजे संपन्न होने के बाद विधायक वापस लौट गए थे। इसके उपरांत कार्यक्रम में शामिल कुछ लोग वहीं भोजन ग्रहण करने के लिए बैठे हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बंसी लाल भी अन्य लोगों के साथ कुर्सी पर बैठे थे। क्षेत्र में हुई बारिश के कारण जमीन काफी नरम हो गई थी। इसी दौरान कुर्सी का एक हिस्सा मिट्टी में धंस गया, जिससे कुर्सी असंतुलित होकर खिसक गई और बंसी लाल नीचे गिर पड़े। गिरने के बाद वह बेसुध हालत पाए गए।

स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल पधर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद देश रात को शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल मंडी भेजा गया। बुधवार को मंडी जोनल अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बंसी लाल कुर्सी से गिरने के बाद अचेत हो गए थे, लेकिन उनकी मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट से यह पता चलेगा कि गिरने से उन्हें कोई गंभीर आंतरिक चोट लगी थी अथवा मृत्यु किसी अन्य चिकित्सकीय कारण से हुई। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

बंसी लाल अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके बड़े बेटे प्रताप सिंह कोटली क्षेत्र में बिरोजा निकासी कार्य से जुड़े हुए हैं, जबकि छोटे बेटे गोपाल कृष्ण घर पर ही रहते हैं। उनकी दोनों बेटियां विवाहित हैं और अपने-अपने ससुराल में रह रही हैं। परिवार के मुखिया की आकस्मिक मृत्यु से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ग्रामीणों के अनुसार बंसी लाल सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे। उनका धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में भी विशेष योगदान रहा। वे पूर्व में इलाका कुटगढ़ के आराध्य श्री देव पशाकोट जी के दुमच के रूप में सेवाएं दे चुके थे। उनके स्वर्गवास की खबर से देव समाज सहित समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

बुधवार को मंडी जोनल अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान परिवारजनों के साथ हाल ही में बथेरी वार्ड से चुनाव उम्मीदवार रहे तथा मंडी प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुभाष ठाकुर भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत बंसी लाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

oplus_0

शोक व्यक्त करने वालों में लटराण पंचायत के प्रधान जोगिंदर पाल, उपप्रधान राजकुमार, ज्ञान चंद ठाकुर, भूमचवाण वार्ड सदस्य विनय कुमार, विजय कुमार, प्रभात कुमार, कर्म देव, प्रताप सिंह, सोहन सिंह, कालिदास तथा संसार चंद सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

बंसी लाल के निधन से भूमचवाण गांव सहित समूची लटराण पंचायत में शोक व्याप्त है। क्षेत्र के लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *